Bihar Teacher Vacancy: शिक्षक भर्ती का सिलेबस जारी, दो पेपर होंगे; सामान्य अध्ययन के अंक से तय होगी मेधा सूची
Bihar Teacher Vacancy बिहार के प्राथमिक माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अलग-अलग परीक्षाओं का आयोजन होगा। तीनों श्रेणियों की परीक्षाओं में बहुविकल्प वाले वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें निगेटिव मार्किंग की भी व्यवस्था है।
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने शनिवार को प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए पाठ्यक्रम व परीक्षा पैटर्न वेबसाइट पर जारी कर दिया। आयोग के अनुसार जल्द ही विज्ञापन का प्रकाशन कर आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अलग-अलग परीक्षाओं का आयोजन होगा। तीनों श्रेणियों की परीक्षाओं में बहुविकल्प वाले वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। मेधा निर्धारण के लिए श्रेणीवार पासिंग मार्क्स निर्धारित किए गए हैं।
सामान्य अध्ययन की लिखित परीक्षा में सामान्य वर्ग के लिए 40 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 34 और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला व दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 32 प्रतिशत न्यूनतम पासिंग मार्क्स लाने अनिवार्य हैं। निगेटिव मार्किंग की व्यवस्था होगी।
भाषा से होगा सौ अंकों का पहला पेपर
प्राथमिक से उच्च माध्यमिक विद्यालयों के सभी अध्यापकों के लिए 100 अंकों का पहला पेपर (भाषा अहर्ता) होगा। एक-एक अंक के 100 प्रश्न दो भागों में पूछे जाएंगे।
पहले भाग में प्रश्न संख्या एक से 25 तक अंग्रेजी भाषा के होंगे। भाग-दो में हिंदी, उर्दू, बांग्ला भाषा के प्रश्न होंगे। किसी एक भाषा का चुनाव करना होगा। प्रश्न पत्र को हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। इसमें अभ्यर्थियों को कम से कम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना होगा।
150 अंकों का होगा सामान्य अध्ययन
दूसरा पेपर 150 अंकों का सामान्य अध्ययन से संबंधित होगा। एक-एक अंक के 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। दो घंटे में सभी प्रश्नों के जवाब देने होंगे। प्राथमिक विद्यालय के अध्यापकों के लिए प्राथमिक गणित, मानसिक क्षमता परीक्षण, सामान्य जागरूकता, सामान्य विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल और पर्यावरण से संबंधित प्रश्न होंगे।
दो भाग में होंगे माध्यमिक व उच्च माध्यमिक के प्रश्न
सामान्य अध्ययन माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक का पेपर दो भागों में होगा। पहला खंड 100 अंकों का होगा। इसमें एक-एक अंक के 100 प्रश्न हिंदी, बांग्ला, उर्दू, मैथिली, संस्कृत, भोजपुरी, अरबी, फारसी, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित व सामाजिक विज्ञान और उच्च माध्यिमक में उर्दू, संस्कृत, गणित, भौतिकी, रसायन, भूगोल, अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र, गृह विज्ञान, कंप्यूटर साइंस आदि विषय से होंगे।
दूसरा भाग 50 अंकों का होगा। इसमें एक-एक अंक के प्रश्न प्राथमिक गणित, सामान्य जागरूकता, सामान्य विज्ञान, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन और भूगोल से संबंधित होंगे।